कोरोनावायरस / भारत ने ईरान के साथ उड़ान सेवा रद्द की, जापान-द.कोरिया के लिए वीजा ऑन अराइवल सुविधा बंद, डब्ल्यूएचओ ने वेरी हाई रिस्क केटेगरी में रखा

नई दिल्ली/तेहरान/ बीजिंग. जापान, ईरान और दक्षिण कोेरिया में कोरोनावायरस का प्रकोप तेजी से बढ़ रहा है। ऐसे में भारत ने जापान और द.कोरिया के नागरिकों के लिए वीजा ऑन अराइवल की सुविधा निलंबित कर दी है। साथ ही ईरान के लिए सभी उड़ानों को रद्द कर दिया है। सिविल एविएशन के डायरेक्टर जनरल ने गुरुवार को इसकी जानकारी दी। दोनों देशों के बीच अभी केवल महान एयर और ईरान एयर उड़ानों का संचालन करती है। दक्षिण कोरिया में चीन के बाद सबसे ज्यादा संक्रमण के मामले दर्ज किए गए हैं। यहां 2337 मामलों की पुष्टि हो चुकी है। साथ ही 13 लोगों की मौत हुई है। इस बीच, विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने दुनिया भर में कोरोनावायरस के असर को देखते हुए इसे 'वेरी हाई रिस्क' श्रेणी में रखा है। डब्ल्यूएचओ ने शुक्रवार को कहा- हमने कोविड19 के आंकलन का स्तर बढ़ा दिया है। हमने इसे वैश्विक स्तर पर बहुत उच्च खतरे का वायरस माना है। हमारे महामारी विशेषज्ञ बदलते हालात पर लगातार नजर रखे हुए हैं। 


ईरान के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, देश में अब तक 245 लोग संक्रमित हैं। उपराष्ट्रपति मसुओमेह इब्टेकर के भी गुरुवार को संक्रमित होने की खबर आई। देश में महामारी से अब तक 26 लोगों की जान जा चुकी है। चीन अब तक ईरान को 2.5 लाख मास्क भेज चुका है।


भारत में तीन संक्रमितों की हालत स्थिर


इस बीच भारत में कोरोनायवारस से संक्रमित पाई गई तीन लड़कियों की हालत अब स्थिर है। शुक्रवार को केरल की स्वास्थ्य मंत्री केके शैलजा ने कहा कि कोरोनावायरस संक्रमण रोकने के पहले चरण में हम सफल हुए हैं। संक्रमित पाई गई तीन लड़कियों को आइसोलेशन में रखा गया था। उनका इलाज हो चुका है और अब उनकी हालत स्थिर है। उन्होंने बताया कि मलेशिया से एर्णाकुलम एयरपोर्ट पहुंचे एक व्यक्ति के गले में दर्द और बुखार जैसी समस्याएं पाई गईं। हम अभी यह नहीं कह सकते कि यह कोरोनावायरस संक्रमण का मामला है या नहीं। हमने उसे आइसोलेशन वार्ड में रखा है। उसके रक्त के नमूने वायरोलोजी इंस्टीट्यूट भेज दिया गया है। अभी तक केरल में 3,500 लोगों की जांच की गई थी। 28 दिन तक क्वैरेनटाइन में इन लोगों रखने के बाद उन्हें घर जाने की इजाजत दे दी गई। फिलहाल 135 लोगों को क्वैरेनटाइन में रखा गया है। 


चीन में एक दिन में 44 लोगों की मौत


उधर, चीन के स्वास्थ्य अधिकारियोें ने शुक्रवार को बताया कि देश में एक दिन में 44 लोगों की मौत हुई है, जबकि 327 नए मामले सामने आए। चीन में अब मौतों का आंकड़ा 2788 हो गया है। चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता चाओ लिच्यान ने कहा कि महामारी के संकट के समय दूसरों की मदद करने का मतलब खुद की मदद करना है। मुश्किल समय पर साथ खड़े होकर एक-दूसरे को सहायता देने से दुनिया जल्द से जल्द महामारी को हरा सकेगा।